पानी भरे गड्ढे में मिला युवक का शव।
आजमगढ़,मेंहनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर से मछली पकड़ने निकले युवक का शव गांव की सीमा पर पानी भरे गड्ढे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। हलांकि, मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था।
जाफरपुर के अर्जुन चौहान (22) रविवार की भोर में चार बजे मछली पकड़ने के लिए गांव के दक्षिणी सिवान की ओर गए थे। सुबह होने पर भी वह वापस नहीं आए, तो परिवार वाले परेशान हो उठे। अभी लोग खोजबीन शुरू करते कि कुछ ग्रामीण ने माइनर के समीप गड्ढे में एक व्यक्ति को गिरा देखा, बगल में टार्च जल रही थी। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो भीड़ एकत्र हो गई। परिवार वाले पहुंचे, तो उसकी शिनाख्त अर्जुन के रूप में की। मौत के कारणों को लेकर लोग अलग-अलग अनुमान लगा रहे थे। किसी ने सर्पदंश की आशंका जताई तो कोई पानी भरे गड्ढे में गिरने से मौत मान रहा था। फिलहाल बचा लेने की उम्मीद में उसे आनन-फानन खरिहानी बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक सुभाष तिवारी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक का विवाह एक वर्ष पूर्व ही हुआ था। पत्नी प्रियंका और माता कालमती देवी अचानक हुई इस घटना से सदमें में थीं।
More Stories
मां-बेटे की हत्या के बाद युवक ने खुद को मारी गोली मौत, बेटी की हालत गंभीर।
संचारी रोगों के रोकथाम के लिये जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना।
जिला अस्पताल में फैले भ्रष्टाचार, घोटाले और छह माह से बंद सीटी स्कैन मशीन का मामला पहुंचा जिलाधिकारी कार्यालय।